PPN(KATNI) – नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के क्रम में सोमवार को बिरसा मुंडा वार्ड क्रमांक 02 में लगभग 21.15 लाख की लागत से निर्मित होने वाली सी.सी. नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती नन्ही बाई तुलाराम गौंटिया सहित जनप्रतिनिधियों ने वार्ड में स्थित संतोषी माता मंदिर में विधि विधान के साथ पूजा अर्चन के साथ निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। यह नाली निर्माण कार्य शीला पटेल के मकान से पाल बुंदेला के फार्म हाउस तक कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होने के साथ ही बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से भी स्थायी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस नाली निर्माण कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी तथा नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।
वही क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती नन्हीबाई गौंटिया ने अपने संबोधन में कहा कि वार्डवासियों की लंबे समय से चली आ रही इस महत्वपूर्ण मांग को पूरा होते देख उन्हें अत्यंत प्रसन्नता है। उन्होंने कहा कि यह निर्माण कार्य क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा बरसात के दौरान होने वाली जलभराव एवं गंदगी की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने विकास कार्य प्रारंभ होने पर हर्ष व्यक्त करते हुए महापौर, क्षेत्रीय पार्षद एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ रमेश सोनी, सुभाष साहू, ओमी अहिरवार, पार्षद शकुंतला सोनी, समाज सेवी तुलाराम गोटिया, संजय तिवारी, दानिश अहमद सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

0 Comments