बस स्टैंड क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया महापौर ने, स्वच्छता व जल निकासी व्यवस्था सुधारने त्वरित कार्यवाही के दिए निर्देश

PPN(KATNI) – शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने एवं जल निकासी तंत्र को सुचारू रखने के उद्देश्य से महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने गुरुवार की सुबह क्षेत्रीय पार्षद ओमप्रकाश बल्ली सोनी एवं नगर निगम अधिकारियों के साथ बस स्टैंड स्थित नाले-नालियों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने नाले की वर्तमान स्थिति का अवलोकन करते हुए आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने पाया कि नाले में अवरोध के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही है, जिसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाले की समयबद्ध मरम्मत कराई जाए एवं नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

महापौर श्रीमती सूरी ने बस स्टैंड परिसर का भी निरीक्षण करते हुए स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों का आवागमन होता है, इसलिए यहां साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य अमले को नियमित सफाई, कचरा उठाव एवं निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

इस दौरान महापौर ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर अपील की कि वे शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में अपना सहयोग दें। महापौर श्रीमती सूरी ने स्पष्ट किया कि नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर निरंतर कार्य किया जा रहा है और इन व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments